कोरोनावायरस के संक्रमण के प्रभाव को देखते हुए महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे मुंबई की लोकल ट्रेन सर्विस रोक सकते हैं। स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने मंगलवार को ये जानकारी दी। इन ट्रेनों में हर दिन 85 लाख लोग सफर करते हैं। राजेश ने कहा कि मुंबई लोकल ट्रेन के अलावा, मेट्रो रेल, मोनोरेल और अन्य सार्वजनिक परिवहनों पर भी रोक लगाई जा सकती है। राज्य महामारी से सबसे ज्यादा प्रभावित है। यहां संक्रमण के अब तक 36 मामलों की पुष्टि हो चुकी है। मुंबई में मंगलवार को 64 साल के व्यक्ति की मौत हो गई। इस तरह देश में इस बीमारी से मरने वालों की संख्या तीन हो गई।
वहीं, लद्दाख में मंगलवार को तीन मामले सामने आए हैं। केंद्र शासित प्रदेश में अब कुल संक्रमितों की संख्या सात और देशभर में 129 हो गई है। इससे पहले कलबुर्गी में 63 साल के एक व्यक्ति की और दिल्ली में 69 साल की महिला की जान गई थी। महाराष्ट्र के बुलढाणा में भी एक बीमार बुजुर्ग ने दम तोड़ा था, लेकिन बाद में उनकी रिपोर्ट निगेटिव आई थी।